Hi Welcome You can highlight texts in any article and it becomes audio news that you can hear
  • Mon. Apr 13th, 2026

बगदाद में मिसाइल हमले के बाद अमेरिका का अलर्ट, नागरिकों से कहा

Byindianadmin

Mar 19, 2026

aajtak.in | नई दिल्ली | 15 मार्च 2026, 10:34 PM IST

US-Israel War on Iran LIVE Updates: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध 16वें दिन में प्रवेश कर चुका है. अमेरिकी हमले खासतौर पर ईरान के खर्ग द्वीप के 90 से अधिक सैन्य स्थलों पर केंद्रित हैं, जिसमें हवाई रक्षा प्रणाली, नौसैनिक अड्डे और हवाई अड्डे शामिल हैं, लेकिन तेल से जुड़े ढांचे को अभी तक बचाया गया है. राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा डालने पर तेल ठिकानों को भी निशाना बनाया जाएगा. ईरान ने हिजबुल्लाह के साथ मिलकर इज़रायल पर मिसाइलें दागीं और बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दुबारा हमला किया.

Israeli Prime Minister Benjamin Netanyahu. Israeli Prime Minister Benjamin Netanyahu.

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध रविवार को 16वें दिन में प्रवेश कर चुका है. इस दौरान अमेरिकी हमले खासतौर पर ईरान के खर्ग द्वीप पर केंद्रित रहे हैं. रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका ने यहां 90 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. इन हमलों में हवाई रक्षा प्रणाली, नौसैनिक अड्डे और हवाई अड्डे शामिल हैं, लेकिन तेल से जुड़े बुनियादी ढांचे को अभी तक बचा रखा गया है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों के आवागमन को बाधित करता है, तो तेल संबंधी ठिकानों को भी निशाना बनाया जाएगा. उन्होंने अन्य देशों से युद्धपोत भेजकर होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया है. ट्रंप का दावा है कि ईरान की सैन्य क्षमता लगभग पूरी तरह नष्ट कर दी गई है, लेकिन ड्रोन हमलों का खतरा अब भी बना हुआ है.

वहीं, ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए हिजबुल्लाह के साथ मिलकर इजरायल पर मिसाइलें दागीं. इसके अलावा बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दूसरी बार हमला हुआ है. खाड़ी क्षेत्र में सऊदी अरब और कतर पर भी हमलों की खबरें आई हैं. अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरान का नया नेता गंभीर रूप से घायल हो गया है.

यह युद्ध 28 फरवरी 2026 को शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजरायल ने तेहरान में बड़े पैमाने पर हमले किए थे. इन हमलों में कई ठिकानों को नुकसान पहुंचा और कई अमेरिकी सैनिक भी मारे गए. युद्ध के चलते तेहरान में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सड़कों पर सन्नाटा पसरा है. संयुक्त राष्ट्र ने इस संघर्ष में नागरिक हताहतों पर चिंता जताई है.

विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह युद्ध लंबा और जटिल खिंच सकता है. प्रभावी कूटनीति और वैश्विक सहयोग ही इस संघर्ष को समाप्त करने का रास्ता हो सकता है.

ईरान-इजरायल संघर्ष से जुड़े हर लाइव अपडेट के लिए LIVE ब्लॉग के साथ बने रहें…

10:34 PM (3 दिन पहले)

युद्ध: इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में हमले शुरू किए

Posted by :- Dheeraj

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली विमानों ने दक्षिणी लेबनान में कई स्थानों पर हमले किए, जिनमें तैबेह शहर और आसपास के इलाके शामिल हैं. इन हमलों में ऐतारौन और शबरीहा शहरों को भी निशाना बनाया गया, क्योंकि इजरायल-लेबनान सीमा पर तनाव जारी है.
 

10:32 PM (3 दिन पहले)

मध्य पूर्व संघर्ष: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास करीब 1000 जहाज फंसे

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य पर समुद्री ट्रैफिक जाम हो गया है.  यहां करीब 1,000 जहाज फंसे हैं, जिनमें 200 तेल टैंकर शामिल हैं. ईरानी सैन्य गतिविधियों के खतरे को देखते हुए सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं. इस रुकावट से वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ने लगी हैं.
 

9:38 PM (3 दिन पहले)

होर्मुज मुद्दे पर बातचीत को तैयार ईरान, इच्छुक देशों के लिए दरवाजे खुले

Posted by :- Dheeraj

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा को लेकर बातचीत के लिए तैयार है. कई देशों ने इस जलमार्ग पर बढ़ते हमलों के बाद ईरान से संपर्क किया है. परमाणु कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि फिलहाल परमाणु केंद्रों को फिर से शुरू करने की कोई योजना नहीं है. उन्होंने पुरानी रियायतों का जिक्र करते हुए साफ किया कि मौजूदा संघर्ष ने हालात बदल दिए हैं.
 

9:13 PM (3 दिन पहले)

वैश्विक तेल संकट: 388 मिलियन बैरल इमरजेंसी तेल जारी किया जाएगा

Posted by :- Dheeraj

ईरान युद्ध की वजह से दुनिया में तेल की कमी न हो, इसलिए कई देशों की सरकारों ने मिलकर अपने आपातकालीन कोटे से 388 मिलियन बैरल तेल बाजार में निकालने का फैसला किया है. अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के मुताबिक, इस तेल का सबसे बड़ा हिस्सा अमेरिका और एशिया के देशों से आएगा. मार्च के आखिर तक यह तेल मार्केट में पहुंच जाएगा, ताकि पेट्रोल-डीजल की किल्लत न हो और कीमतें काबू में रहें.
 

8:00 PM (3 दिन पहले)

‘जल्द थमेगी जंग, घटेंगे दाम’, अमेरिकी ऊर्जा मंत्री का दावा

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में जारी भारी तनाव के बीच अमेरिका से एक राहत भरी खबर आई है. अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ जारी यह युद्ध अगले कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है. एबीसी न्यूज के एक प्रोग्राम में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह लड़ाई अगले कुछ हफ्तों में, या शायद उससे पहले ही थम जाएगी. राइट ने यह भी भरोसा दिलाया कि जंग खत्म होने के बाद दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई बेहतर होगी, जिससे तेल की बढ़ती कीमतों में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी.

7:18 PM (3 दिन पहले)

इजरायल का आरोप- ‘ईरान के इशारे पर हो रहे यहूदी ठिकानों पर हमले’

Posted by :- Dheeraj

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि बेल्जियम और नीदरलैंड में यहूदी ठिकानों पर हुए बम हमलों के पीछे ईरान का हाथ है. इजरायल का कहना है कि ईरान से जुड़ा एक जिहादी गुट इन हमलों को अंजाम दे रहा है. मंत्रालय ने सोशल मीडिया (X) पर कहा कि ईरान की सेना पूरी दुनिया में आतंकवाद को बढ़ावा दे रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘इस्लामिक मूवमेंट ऑफ द कंपैनियंस ऑफ द राइट’ नाम के एक अनजान गुट ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है. इस ग्रुप ने दावा किया है कि 9 मार्च को बेल्जियम के लीज में एक यहूदी प्रार्थना स्थल पर हुआ धमाका उन्होंने ही किया था. इसके बाद 11 मार्च को ग्रीस में हुए एक और हमले के पीछे भी इसी गुट का नाम सामने आ रहा है.
 

7:12 PM (3 दिन पहले)

‘जंग रोकें, बातचीत से निकालें हल’, पोप लियो की अपील

Posted by :- Dheeraj

ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच पोप लियो चौदहवें ने एक बार फिर शांति की अपील की है. वेटिकन में अपनी साप्ताहिक प्रार्थना के दौरान पोप ने अमेरिका, इजरायल और ईरान से जंग खत्म कर बातचीत का रास्ता अपनाने को कहा. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पिछले दो हफ्तों से वहां के लोग भारी हिंसा झेल रहे हैं, जिसमें हजारों बेकसूर लोग मारे गए और लाखों को अपना घर छोड़ना पड़ा. पोप ने स्कूलों और अस्पतालों पर हुए हमलों में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और लेबनान के बिगड़ते हालातों पर भी चिंता जाहिर की.
 

6:35 PM (3 दिन पहले)

मिडिल ईस्ट जंग: UAE ने नाकाम किए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले

Posted by :- Dheeraj

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक बयान के अनुसार,  उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से दागी गई 4 बैलिस्टिक मिसाइलों और 6 ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया है. 28 फरवरी को शुरू हुई इस जंग के बाद से यूएई अब तक कुल 298 बैलिस्टिक मिसाइलों, 15 क्रूज मिसाइलों और 1,606 ड्रोनों को मार गिरा चुका है. अधिकारियों के मुताबिक, इस संघर्ष के दौरान हुए ईरानी हमलों में यूएई में अब तक कम से कम 6 लोगों की मौत हुई है और 142 लोग घायल हुए हैं.

6:32 PM (3 दिन पहले)

बहरीन में 5 लोग गिरफ्तार, संवेदनशील जगहों की तस्वीरें भेजने का आरोप

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच बहरीन ने ईरान के लिए जासूसी करने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. बहरीन के गृह मंत्रालय के मुताबिक, इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने देश के कई होटलों और संवेदनशील ठिकानों की तस्वीरें और उनकी लोकेशन ईरान की सेना को भेजी थीं. पकड़े गए लोगों की उम्र 25 से 39 साल के बीच है. अधिकारियों का दावा है कि इनमें से एक शख्स ने तो ईरान के सैन्य कैंपों में बाकायदा ट्रेनिंग भी ली थी. शक है कि इन तस्वीरों और जानकारियों का इस्तेमाल उन जगहों पर हमला करने के लिए किया जाना था.
 

6:29 PM (3 दिन पहले)

युद्ध के बीच इजरायल ने जारी किया 827 मिलियन डॉलर का इमरजेंसी फंड

Posted by :- Dheeraj

इजरायली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के साथ जारी जंग के तीसरे हफ्ते में इजरायल ने अपनी सेना के लिए खजाना खोल दिया है.  सरकार ने रक्षा जरूरतों और हथियारों की खरीद के लिए करीब 827 मिलियन डॉलर के इमरजेंसी फंड को मंजूरी दी है. कैबिनेट मंत्रियों ने फोन पर हुई एक मीटिंग के दौरान इस फैसले पर मुहर लगाई. वित्त मंत्रालय के मुताबिक, लड़ाई की बढ़ती तीव्रता को देखते हुए सेना की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए यह भारी-भरकम राशि जारी करना जरूरी हो गया था.
 

6:09 PM (4 दिन पहले)

अमेरिकी दूतावास की इमारत पर गिरा ईरानी मिसाइल का मलबा

Posted by :- Dheeraj

इजरायल से आ रही मीडिया खबरों के मुताबिक, रविवार को एक ईरानी मिसाइल का टुकड़ा इजरायल में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की एक रिहायशी इमारत पर जा गिरा. जिस इमारत पर यह मलबा गिरा, उसका इस्तेमाल अमेरिकी दूतावास के कर्मचारी रहने के लिए करते हैं. हालांकि, इस घटना में कितना नुकसान हुआ है या कोई घायल हुआ है या नहीं, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
 

6:02 PM (4 दिन पहले)

इराक में तेल को लेकर खींचतान, बगदाद और कुर्द सरकार के बीच ठनी

Posted by :- Dheeraj

ईरान युद्ध के दौरान तेल का एक्सपोर्ट दोबारा शुरू करने को लेकर इराक में आपसी मतभेद गहरा गया है. इराक के संघीय तेल मंत्रालय का कहना है कि वह तुर्की के सेहान बंदरगाह तक जाने वाली पाइपलाइन के जरिए रोजाना 3 लाख बैरल तेल भेजने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन, कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय ने फिलहाल इसे शुरू करने से मना कर दिया है. इराक आमतौर पर होर्मुज और तुर्की के रास्तों से तेल बाहर भेजता है, लेकिन दोनों पक्षों की इस असहमति की वजह से तेल की सप्लाई रुकी हुई है.
 

5:57 PM (4 दिन पहले)

मिडिल ईस्ट जंग का असर: बहरीन की दिग्गज कंपनी अल्बा ने रोका 19% उत्पादन

Posted by :- Dheeraj

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब उद्योगों पर भी दिखने लगा है. बहरीन की मशहूर एल्युमीनियम कंपनी अल्बा ने अपनी उत्पादन क्षमता में करीब 19% की कटौती कर दी है और अपनी तीन बड़ी लाइनों को बंद कर दिया है. होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव की वजह से कंपनी को यह फैसला लेना पड़ा है. इस संकट के कारण पूरी दुनिया में एल्युमीनियम की कमी का डर बढ़ गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमतें पिछले चार साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं.
 

5:46 PM (4 दिन पहले)

भारतीय तेल टैंकर यूएई से सुरक्षित निकला, सरकार रख रही है हालात पर नजर

Posted by :- Dheeraj

पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच भारत के लिए राहत की बड़ी खबर है. यूएई के फुजैराह पोर्ट पर हमले के बावजूद भारतीय तेल टैंकर ‘जग लाडकी’ वहां से सुरक्षित निकल गया है. इसके साथ ही, शनिवार को दो और भारतीय जहाज शिवालिक और नंदा देवी भी खतरे वाले होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर चुके हैं. ये जहाज एलपीजी (LPG) लेकर भारत आ रहे हैं. सरकार ने कहा है कि सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और देश में ईंधन की सप्लाई पर लगातार नजर रखी जा रही है.
 

4:23 PM (4 दिन पहले)

इजराइल-ईरान युद्ध: होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के विकल्प तलाश रहा ब्रिटेन

Posted by :- Dheeraj

ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के कारण ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ के बंद होने से दुनिया भर में तेल और गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं. इस संकट के बीच ब्रिटेन के ऊर्जा सचिव एड मिलिबैंड ने कहा कि वे इस समुद्री रास्ते को दोबारा खुलवाने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ठोस योजना बना रहे हैं. ब्रिटेन का कहना है कि दुनिया की ऊर्जा जरूरतों के लिए इस रास्ते का खुलना बेहद जरूरी है.

4:02 PM (4 दिन पहले)

अमेरिकी A-10 थंडरबोल्ट का पावर शो, उड़ते-उड़ते भरा ईंधन

Posted by :- Dheeraj

अमेरिकी वायु सेना के A-10 थंडरबोल्ट II लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है. ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के दौरान इन विमानों को उड़ते हुए ही हवा में ईंधन (तेल) भरते देखा गया. इस विमान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह घंटों तक आसमान में एक ही जगह डटा रह सकता है. चाहे कैसा भी मुश्किल मिशन हो, यह विमान पलक झपकते ही उसे पूरा करने के लिए हमेशा तैयार रहता है.
 

2:28 PM (4 दिन पहले)

Middle-East Conflict: खाड़ी देशों में CBSE की परीक्षाएं रद्द

Posted by :- Darakhshan

मिडिल-ईस्ट में चल रही जंग के चलते बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में कक्षा 12वीं की CBSE बोर्ड की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं. ये परीक्षाएं 16 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच होनी थीं.  
 

2:04 PM (4 दिन पहले)

Iran-US Live Updates: युद्ध खत्म करने का समर्थक ईरान

Posted by :- Darakhshan

ईरान के विदेश मंत्री अरागची ने युद्ध खत्म करने का समर्थन किया है. उन्होंने कहा है कि तेहरान ऐसी किसी भी पहल या कोशिश का स्वागत करता है जिससे युद्ध पूरी तरह खत्म हो जाए.
 

1:50 PM (4 दिन पहले)

Iran-US War: नेतन्याहू के खिलाफ IRGC का संकल्प

Posted by :- Darakhshan

IRGC ने संकल्प लिया है कि वो नेतन्याहू का पीछा करना और उन्हें मारना जारी रखेंगे. ईरानी सैन्य संगठन ने नेतन्याहू को ‘बच्चों का हत्यारा’ बताते हुए कहा कि जब तक वो जिंदा हैं, उनका पीछा किया जाएगा.
 

1:40 PM (4 दिन पहले)

यूक्रेन को मिलेगा नया SAMP-T मिसाइल डिफेंस सिस्टम

Posted by :- Darakhshan

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने घोषणा की है कि यूक्रेन को इस साल एक नया SAMP-T मिसाइल डिफेंस सिस्टम मिलने वाला है. ये एक अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली है जिसका इस्तेमाल दुश्मन की मिसाइलों को हवा में ही तबाह करने के लिए किया जाता है.
 

12:47 PM (4 दिन पहले)

US-Iran Live: फुजैरह पोर्ट पर कच्चे तेल की लोडिंग फिर शुरू

Posted by :- Darakhshan

फुजैरह पोर्ट पर कच्चे तेल की लोडिंग का काम फिर से शुरू हो गया है. मिडिल-ईस्ट में चल रहे युद्ध की वजह से पिछले कुछ समय से तेल की सप्लाई रुकी हुई थी, लेकिन अब काम दोबारा शुरू होने से वैश्विक बाजारों में तेल की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है.
 

11:46 AM (4 दिन पहले)

Israel-Iran War: इजरायली हमले में हमास के टॉप कमांडर की मौत

Posted by :- Darakhshan

दक्षिण लेबनान के सैदा शहर में इजरायली सेना ने एक हवाई हमला किया है. इस हमले में हमास के टॉप कमांडर विसम ताहा के मारे जाने की खबर है. 
 

10:39 AM (4 दिन पहले)

अमेरिकी सेना ने जारी किया ईरानी बेस पर हमले का वीडियो

Posted by :- Darakhshan

अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों का वीडियो जारी किया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, ये हमले सीधे तौर पर ईरान की सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाकर किए गए हैं. अमेरिकी सेना ने इस वीडियो को शेयर करते हुए ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करने का दावा किया.

यह भी पढ़ें: मिडिल-ईस्ट संकट: युद्ध के बीच अमेरिकी सेना ने जारी किया ईरानी मिलिट्री बेस पर हमले का वीडियो

9:46 AM (4 दिन पहले)

Middle-East War Live: सऊदी ने मार गिराए 10 ईरानी ड्रोन

Posted by :- Darakhshan

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि उसने रियाद और देश के पूर्वी इलाकों में 10 ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया है. इसी के साथ UAE पर भी ईरान की ओर से बड़ा हमला हुआ है. यूएई के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि उनकी वायु सेना ने ईरान से आ रही बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों को तबाह कर दिया है. देश के विभिन्न हिस्सों में सुनाई दे रही धमाकों की आवाजें सुरक्षा प्रणालियों के मिसाइलों और आत्मघाती ड्रोनों को रोकने के कारण हो रही हैं. 

9:04 AM (4 दिन पहले)

Iran-US Conflict: बहरीन और सऊदी अरब में होने वाली ग्रैंड प्रिक्स रेस कैंसिल

Posted by :- Darakhshan

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण फॉर्मूला 1 (F1) ने अप्रैल में होने वाली अपनी दो बड़ी रेस रद्द कर दी हैं. खेल संगठन ने शनिवार को घोषणा की कि सुरक्षा कारणों से बहरीन और सऊदी अरब में होने वाली ग्रैंड प्रिक्स रेस अब आयोजित नहीं की जाएंगी.
 

8:49 AM (4 दिन पहले)

Middle-East War: UAE के लिए कई उड़ानें रद्द

Posted by :- Darakhshan

मिडिल-ईस्ट संकट के बीच यूएई एयरपोर्ट अधिकारियों के निर्देशों के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें बड़े स्तर पर प्रभावित हुई हैं. 15 मार्च 2026 के लिए एयरलाइंस को अपने परिचालन में भारी कटौती करनी पड़ी है. दुबई जाने वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 11 में से 9 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. दोनों एयरलाइंस दिल्ली-दुबई मार्ग पर सिर्फ एक-एक रिटर्न उड़ान संचालित करेंगी. अबू धाबी कीएयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें रद्द हैं. शारजाह और रास अल खैमाह से दिल्ली, कोच्चि और मुंबई समेत कुछ शहरों के लिए उड़ानें जारी रह सकती हैं. सभी उड़ानें स्लॉट की उपलब्धता और मौजूदा स्थितियों पर निर्भर करेंगी.

8:17 AM (4 दिन पहले)

US-Iran Live: इराक में मारे गए 6 जवानों की पहचान हुई

Posted by :- Darakhshan

हाल ही में इराक में हुए एक हमले के दौरान इन छह जवानों की जान चली गई थी. अमेरिकी सेना ने इन छह सैनिकों की पहचान कर ली है.
 

7:54 AM (4 दिन पहले)

US-Iran War Live: सरकारी अमेरिकी कर्मचारियों को ओमान छोड़ने का आदेश

Posted by :- Darakhshan

ईरानी हमलों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ओमान में मौजूद अपने उन सरकारी कर्मचारियों को देश छोड़ने का आदेश दिया है, जिनकी वहां आपातकालीन ड्यूटी नहीं है. कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों को भी ओमान से तुरंत निकलने के लिए कहा गया है.
 

7:27 AM (4 दिन पहले)

US- Iran Live Updates: ट्रंप की धमकी पर ईरान का जवाबी हमला

Posted by :- Darakhshan

ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी हमलों ने खार्ग द्वीप के बड़े हिस्से को पूरी तरह तबाह कर दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में खार्ग द्वीप पर और भी हमले हो सकते हैं. ट्रंप ने कही, ‘हम मनोरंजन के लिए भी इसे कुछ और बार निशाना बना सकते हैं.’ उनकी इस धमकी के बाद ईरान ने हमले तेज कर दिए हैं. ईरान ने यूएई, बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोनों से हमला किया.

6:54 AM (4 दिन पहले)

Iran-US War: हिंसा पर खामोश रहने वालों पर भड़के पेजेश्कियान

Posted by :- Darakhshan

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शांति का दिखावा करने वाले एक व्यक्ति ने स्कूल, अस्पताल और सांस्कृतिक केंद्रों जैसी जगहों पर बेरहमी से हमले किए हैं. उसने मीनाब में 160 से ज्यादा मासूम बच्चों की जान ले ली. ऐसी भयानक हिंसा को देखकर भी जो लोग चुप हैं, वो भी उस अपराधी की मदद करने के बराबर ही दोषी हैं.

6:34 AM (4 दिन पहले)

UAE on Iran War: UAE ने 10 लोगों को गिरफ्तार कर ट्रायल का आदेश दिया

Posted by :- Anurag

यूएई ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी युद्ध वीडियो फैलाने के आरोप में 10 लोगों की गिरफ्तारी और त्वरित मुकदमे का आदेश दिया है. अधिकारियों का कहना है कि इन वीडियो का उद्देश्य लोगों को गुमराह करना और राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करना था.

4:46 AM (4 दिन पहले)

ईरान जंग का असर दुबई पर, अल सीफ मार्केट में सन्नाटा; टूरिस्ट गायब

Posted by :- Anurag

दुबई के व्यस्त टूरिस्ट प्लेस सूने पड़ गए हैं क्योंकि अमेरिका-ईरान युद्ध अपनी तीसरी सप्ताह में प्रवेश कर चुका है. इस युद्ध का प्रभाव सिर्फ मध्य पूर्व के हवाई मार्गों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यूएई में हुए ड्रोन और मिसाइल हमलों ने इस देश की क्षेत्रीय सुरक्षित पर्यटन स्थल के रूप में छवि को गंभीर रूप से प्रभावित किया है.

 
फोटो क्रेडिट – AP

4:18 AM (4 दिन पहले)

ईरान के दावे पर UAE का कड़ा इनकार, बोला – हमारी जमीन से नहीं हुआ हमला

Posted by :- Anurag

यूएई ने ईरान के खार्ग द्वीप पर संयुक्त राज्य अमेरिका के हमले को अपने क्षेत्र से लॉन्च किए जाने के ईरान के आरोप को खारिज कर दिया है. संयुक्त अरब अमीरात ने इस आरोप को निराधार और बिना किसी ठोस प्रमाण के बताया है. ईरान ने खर्ग द्वीप पर हुए अमेरिकी हमले के लिए यूएई की जमीन से हमले को लॉन्च किए जाने का दावा किया था, लेकिन यूएई ने इसे पूरी तरह झूठा करार दिया है.
 

3:50 AM (4 दिन पहले)

Iran-US War: जंग के बीच F1 रेस टली, बहरीन और सऊदी ग्रां प्री स्थगित

Posted by :- Anurag

फॉर्मूला वन ने घोषणा की है कि इस साल अप्रैल में होने वाले बहरीन और सऊदी अरब ग्रांड प्रिक्स आयोजित नहीं किए जाएंगे. यह फैसला मिडिल ईस्ट में चल रहे राजनीतिक और सुरक्षा संकट को देखते हुए लिया गया है. 

इनपुट: रॉयटर्स

 

3:36 AM (4 दिन पहले)

Middle East War: अबू धाबी ने कहा रूवैस इंडस्ट्रियल कॉम्पलेक्स में ड्रोन हमले के बाद आग पर काबू पा लिया गया

Posted by :- Anurag

मिडिल ईस्ट के तनावपूर्ण माहौल के बीच अबू धाबी से एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. अबू धाबी के अधिकारियों ने बताया है कि रूवैस इंडस्ट्रियल कॉम्पलेक्स में हुए ड्रोन हमले के बाद लगी आग पर काबू पा लिया है. इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन त्वरित कार्रवाई से बड़ी तबाही टल गई.
 

3:02 AM (4 दिन पहले)

Middle East War: लेबनान में हेल्थ सेंटर पर हमला, WHO बोला – 14 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत

Posted by :- Anurag

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस अधानोम ने पुष्टि की कि लेबनान के बोरज कालाुइये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार देर रात हुए हमले में 12 डॉक्टर, पैरामेडिक्स और नर्सों की मौत हो गई है. यह घटना मध्य पूर्व क्षेत्र में हाल ही में बढ़ती हिंसा के बीच एक दुखद डेवलपमेंट के रूप में देखी जा रही है.

Bombing a hospital or a school isn’t a “miscalculation.”

Killing a paramedic isn’t “collateral damage.”

Starving civilians isn’t “negotiating tactic.”

These are war crimes. Full stop.

Call it what it is. pic.twitter.com/KNYJKlJnER

— Tedros Adhanom Ghebreyesus (@DrTedros) March 14, 2026

2:16 AM (4 दिन पहले)

Middle East War: तुर्की-ईरान के बीच मिसाइल मामलों को लेकर विरोधाभास, विदेश मंत्री ने किया स्पष्ट

Posted by :- Anurag

तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने कहा कि ईरान ने तुर्की की ओर फायर की गई मिसाइलों की जिम्मेदारी से इंकार किया है. इसके बावजूद, तुर्की के पास मिसाइल हमलों के संबंध में तकनीकी डेटा मौजूद है, जो ईरानी दावों से मेल नहीं खाता. इस मामले को लेकर अंकारा और तेहरान के बीच विवाद कायम है. 
 

1:47 AM (4 दिन पहले)

US-Iran War: अमेरिकी दूतावास ने अमेरिका के नागरिकों से इराक छोड़ने की अपील की

Posted by :- Anurag

बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अमेरिकी नागरिकों को तुरंत इराक छोड़ देना चाहिए. यह चेतावनी दूतावास की इमारत पर हुई रात्रिकालीन मिसाइल हमले के बाद दी गई है. इस हमले ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को और भी जटिल बना दिया है.

इनपुट: रॉयटर्स

Read More

Leave a Reply

Click to listen highlighted text!